बाइकों की भिड़ंत में चालक की मौत
कमालगंज। मैनपुरी जनपद में रिश्तेदार के यहां से अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे युवक की बाइक लैनगांव के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ गई। हादसे में मैनपुरी से लौट रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल के लिए भेज दिया गया।
लैनगांव निवासी दिनेश (45) की बहन की मैनपुरी जनपद के गांव सामान कटरा स्थित ससुराल में वृद्ध की मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह दिनेश बाइक से वहां गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होकर शाम करीब सात बजे घर लौट रहा था।
रास्ते में लैनगांव के पास कमालगंज की ओर से जा रहे फतेहगढ़ जीएनवी रोड निवासी सौरभ (35) की बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सौरभ को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भिजवाया।
हादसे की सूचना पर ग्रामीणों के साथ पहुंचे लैनगांव निवासी विजय ने बाइक देखकर पिता दिनेश की शिनाख्त की। विजय की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। विजय की पत्नी मिथलेश का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार व भोजपुर चौकी प्रभारी अभय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश अहमदाबाद में ट्रक चलाता था। उसके चार पुत्र अमित, सुमित, विजय, विनय व एक पुत्री वंदना है। दो भाई अरविंद व धर्मेंद्र हैं। लोहिया अस्पताल में सौरभ की हालत गंभीर होने पर डॉ. इमरान अली ने उसे रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सौरभ तिर्वा से पीईटी की परीक्षा देकर लौट रहा था।
हेलमेट पहने होता तो बच सकती थी जान
दिनेश की मौत सिर फटने से हुई है। दिनेश की बाइक पर हेलमेट बंधा था। लोगों का कहना है कि अगर दिनेश हेलमेट पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी।
घायलों से बेड हो गए फुल
फर्रुखाबाद। मेरापुर थाने के पखना चौराहे पर डीसीएम और बोलेरो की भिड़ंत में 11 घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर करने की सूचना पर यहां इमरजेंसी में स्टाफ मुस्तैद कर दिया गया था। एक साथ कई एंबुलेंस घायलों को लेकर इमरजेंसी पहुंचीं, तो बेड फुल हो गए।
कई मरीजों का स्ट्रेचर पर ही इलाज किया गया। गनीमत रही कि शाम करीब सात बजे जब घायलों को अस्पताल लाया गया, तब सर्जन डॉ. इमरान अली ड्यूटी पर थे। हालांकि अतिरिक्त स्टाफ भी बुला लिया गया था। इलाज के दौरान सीएमएस डॉ. राजकुमार गुप्त भी मौजूद रहे ।