कानपुर से मथुरा तक की जाने वाली डबल रेलवे लाइन याकूतगंज, सेंट्रल जेल से
होते हुए फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन तक आएगी। इसका खाका रेलवे विभाग ने तैयार
कर लिया है। एक-दो माह में इसके लिए सर्वे कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।
डबल ट्रैक चालू होने के बाद जो ट्रेनें फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर नहीं
रुकती हैं, वह सेंट्रल जेल, याकूतगंज से होते हुए कानपुर और फर्रुखाबाद
पहुंचेंगी।
वर्ष 2013-14 में कानपुर से मथुरा तक डबल ट्रैक का सर्वे
प्रस्तावित था। महकमे के सूत्रों के मुताबिक जो सर्वे रिपोर्ट रेलवे बोर्ड
को भेजी गई, उसमें फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन से ढिलावल गांव तक डबल लाइन डालने
में कई दिक्कतें दर्शायी गईं। बताया गया कि भोलेपुर रेलवे क्रासिंग, नेकपुर
चौरासी और ढिलावल तक रेलवे लाइन के पास आबादी है। डबल ट्रैक डाले जाने से
इसका विरोध झेलना पड़ सकता है।
इसके चलते डबल ट्रैक का प्रस्ताव ठंडे बस्ते
में डाल दिया गया। बाद में रेलवे विभाग ने डबल ट्रैक डाले जाने के लिए
कमालगंज रेलवे स्टेशन से याकूतगंज व सेंट्रल जेल से होते हुए फर्रुखाबाद
रेलवे स्टेशन तक लाइन डाले जाने का खाका तैयार किया। हाल ही में रेलवे
स्टेशन फर्रुखाबाद का निरीक्षण करने आए पूर्वोत्तर मंडल रेलवे गोरखपुर के
महाप्रबंधक राजीव मिश्रा भी कानपुर से मथुरा तक डबल ट्रैक डाले जाने को
लेकर शीघ्र ही सर्वे कराने के आदेश दे गए थे। इससे डबल ट्रैक का सर्वे
जल्द शुरू होने की उम्मीद बंधी है। प्रोजेक्ट के तहत याकूतगंज-सेंट्रल जेल
से फर्रुखाबाद तक डबल लाइन डाली जाएगी। डबल ट्रैक चालू होने के बाद जिन
ट्रेनों का स्टापेज फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर नहीं है वे फर्रुखाबाद रेलवे
स्टेशन से वाया सेंट्रल जेल, याकूतगंज होते हुए कानपुर जाएंगी और इसी
रास्ते फर्रुखाबाद पहुंचेंगी। इस संबंध में एसएस जयप्रकाश श्रीवास ने बताया
कि डबल ट्रैक डाले जाने का खाका रेलवे विभाग ने तैयार कर लिया है। जल्द ही
सर्वे कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
फतेहगढ़ के यात्रियों को नहीं मिलेगा लाभ
डबल ट्रैक चालू होने के बाद फतेहगढ़ के यात्रियों को इसका लाभ नहीं
मिलेगा। फतेहगढ़ के यात्रियों को लंबे रूट की ट्रेनों को पकड़ने के लिए
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन ही आना होगा। कानपुर से मथुरा तक डबल रेलवे
ट्रैक होने का फायदा फतेहगढ़ के यात्रियों को नहीं मिलेगा। डबल ट्रैक
याकूतगंज वाया सेंट्रल जेल से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन तक जाएगा। ऐसे में
जिन ट्रेनों का स्टापेज फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर नहीं है,
वह ट्रेनें उधर
से होकर गुजरेंगी। मौजूदा समय में लंबे रूटों की अधिकतर ट्रेनों का स्टापेज
फतेहगढ़ में नहीं है। इन ट्रेनों को पकड़ने के लिए फतेहगढ़ के यात्रियों
को फर्रुखाबाद ही आना होगा। डबल ट्रैक पड़ने के बाद लंबे रूटों की ट्रेनें
भले ही बढ़ जाएं लेकिन इसका लाभ फतेहगढ़ के बाशिंदों को नहीं मिलेगा। इनको
ट्रेन पकड़ने के लिए फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर ही आना होगा।
जमीन खरीदने की तैयारी शुरू
याकूतगंज,
सेंट्रल जेल से होते हुए फर्रुखाबाद तक डाली जाने वाली डबल रेलवे लाइन के
लिए जल्द ही याकूतगंज और सेंट्रल जेल में जमीन की खरीद-फरोख्त शुरू की
जाएगी। सूत्रों के अनुसार डबल ट्रैक लाइन डाले जाने से याकूतगंज और सेंट्रल
जेल के पास जमीन की खरीद-फरोख्त की तैयारी शुरू कर दी गई है।