संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से तीन माह पूर्व लापता हुई युवती को पुलिस ने गुजरात के बलसाड जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बयानों के लिए न्यायालय में पेश किया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
एक गांव की युवती चार सितंबर को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, कोई सुराग नहीं मिला तो भाई ने 13 अक्तूबर को गांव के ही शादिल व दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस उनकी सर्विलांस के सहारे काफी खोजबीन करती रही। मगर कोई सुराग नहीं मिला। पिछले माह पुलिस को गुजरात में लोकेशन मिली। इस पर पुलिस वहां पहुंची तो मोबाइल बंद होने से लोकेशन मिलनी बंद हो गई। इसके बाद पुलिस बलसाड जिले के कई थानों में आरोपी युवक व युवती के पोस्टर चिपकाकर वापस आ गई थी।
इस मामले में युवक की गिरफ्तारी व युवती की बरामदगी के लिए काफी राजनीतिक प्रेशर भी रहा है। तीन दिन पहले गांव बरझाला में विधायक के आवास पर युवती के परिजनों ने जाकर उसकी बरामदगी के लिए दबाव बनाया था। तब विधायक से पुलिस ने 21 दिन की मोहलत मांगी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई तो उसकी लोकेशन गुजरात के बलसाड जिले में मिल गई। एसआई मदनलाल पिपिल गुजरात के लिए रवाना हो गए। वहां किराए पर रह रही युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया। पता चला है कि दोनों की शादी नहीं हुई है। युवक शादी करने के लिए वहां एक फैक्टरी में काम कर रहा था। युवती के उससे 3 साल से संबंध थे। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि युवती को बरामद कर लिया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बयानों के लिए न्यायालय में भेजा गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।