बुखार से पीड़ित महिला सिपाही को शुक्रवार मध्य रात दरोगा लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। फिजीशियन के मौजूद न होने पर डॉक्टर ने रेफर कराने की सलाह दी। इस पर दरोगा बिफर गया और आपातकालीन डॉक्टर से जमकर अभद्रता की। डॉक्टर की सूचना पर पहुंचे सीएमएस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही कोमल यादव पांच दिन से बुखार से पीड़ित है। शुक्रवार मध्य रात तबीयत बिगड़ने पर एक दरोगा ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डा.प्रदीप सिंह ने कहा कि अस्पताल में फिजीशियन नहीं हैं। इसलिए रेफर कराकर दूसरी जगह इलाज करा लें।
इतना सुनते ही दरोगा बिफर गए और गालीगलौज करते हुए फोन कर अन्य चार पुलिस कर्मियों को बुला लिया। इसके बाद जमकर हंगामा काटा। इससे वार्डों में भर्ती मरीज व तीमारदारों की भीड़ लग गई। भयभीत डाक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीएमओ व सीएमएस को सूचना दी।
कुछ देर बाद पहुंचे सीएमएस ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद दरोगा सिपाही कोमल को वहां से लेकर चला गया। डा.प्रदीप सिंह ने बताया कि वह फार्मासिस्ट अभिषेक शुक्ला के साथ इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद थे। उन्होंने सिपाही का प्राथमिक उपचार किया।
फिजीशियन के न होने की कहने पर दरोगा अभद्रता करने लगा। उन्होंने उच्चाधिकारियों को फोन किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। सीएमएस ने आकर मामला शांत कराया। सीएमएस डा.एसपी सिंह ने बताया कि मामले शिकायत अधिकारियों से की जाएगी।