फर्रुखाबाद। शहर की गिहार बस्ती लकूला के एक घर में पीने के लिए ड्रम में रखे गए पानी में डेंगू का लार्वा और एक डेंगू मरीज भी मिला। एक मरीज की मलेरिया जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दो बुखार मरीजों को गंभीर हालत के चलते लोहिया अस्पताल भेजना पड़ा। स्वास्थ्य टीम को मोहल्ले में बुखार के 64 मरीज मिले।
गिहार बस्ती लकूला में कई लोग बुखार की चपेट में हैं। सोमवार को सिविल अस्पताल लिंजीगंज के डॉ.नवनीत गुप्ता ने टीम के साथ बस्ती में शिविर लगाकर बुखार पीड़ित 64 मरीजों की मलेरिया, टाइफाइड व डेंगू की जांच की। इसमें एक की रिपोर्ट मलेरिया और एक की डेंगू पॉजिटिव आई। गंभीर स्थिति के चलते दो मरीजों को लोहिया अस्पताल भेजा गया।
बस्ती में पहुंचे सीएमओ डॉ.सतीश चंद्रा ने घरों में लार्वा की जांच कराई। एक घर में पानी से भरे दो ड्रमों में डेंगू का लार्वा मिला। सीएमओ ने पानी फेंकवाकर बस्ती में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। सभी मरीजों को दवाएं भी दी ग्रईं।
एलाइजा जांच के लिए 34 नमूने लिए
नोडल अधिकारी डॉ.राजीव शाक्य ने बताया कि जिले भर में डेंगू की एलाइजा जांच के लिए 34 मरीजों के नमूने लिए गए। इसमें 10 नमूने गिहार बस्ती लकूला के हैं। जिले में अब तक 89 नमूनों की एलाइजा जांच कराई जा चुकी है। इनमें 31 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इलाज के बाद सभी मरीज ठीक हो चुके हैं।