महंगाई भत्ता रोकने पर रेल कर्मियों का प्रदर्शन
फर्रुखाबाद। एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) ने आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर सोमवार को प्रदर्शन किया। रेल कर्मियों ने काली पट्टी बांधी और केंद्र सरकार के कर्मचारी विरोधी फैसलों का विरोध किया। कहा कि यदि शीघ्र ही सरकार ने कर्मचारियों का शोषण बंद नहीं किया, तो बड़ा आंदोलन होगा।
रेलवे स्टेशन पर डीजल लाबी, कैरिज डिपो, स्टेशन एवं गेट तथा गैंगों में कार्यरत कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। दफ्तरों में प्रदर्शन भी किया। कहा कि केंद्र सरकार ने कर्मियों का जून 2021 तक का महंगाई भत्ता रोक दिया है। कहा कि रेल का निजीकरण नहीं होने देंगे। पुरानी पेंशन को बहाल करके ही दम लेंगे।
मांग की कि स्पेशल गाड़ियों पर पास से यात्रा करने की अनुमति मिले। केंद्रीय उपाध्यक्ष एके द्विवेदी ने बताया कि यदि भारत सरकार ने कर्मचारियों का डीए रिलीज नहीं किया, तो बड़े आंदोलन को मजबूर होंगे। शाखा मंत्री अनुज कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वीरेंद्र सिंह, परमेश्वर दयाल, राजेश कुमार, वेदप्रकाश, ब्रजेश कुमार, धर्म सिंह मीना, विवेक बाथम, अजय शंकर त्रिपाठी, कुलदीप राठौर आदि थे।
विभागों के मर्ज करने पर ट्रैक मेंटेनर यूनियन का समर्थन
फर्रुखाबाद। आल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन इज्जतनगर मंडल अध्यक्ष इद्रभान सिंह ने कहा कि रेलवे के सभी विभागों को दो विभागों में मर्ज करने का निर्णय केंद्र का सराहनीय कदम है। कहा कि इससे सभी ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों को एवेन्यू ऑफ प्रमोशन के रास्ते खुलेंगे। कैडर मर्ज होने पर ट्रैक मेंटेनर कर्मचारी सीमित स्तर की विभागीय परीक्षाओं में बैठने के हकदार होंगे।