दालमोठ बनाते समय कारखाने में लगी आग से हड़कंप मच गया। आग की लपटों का
विकराल रूप देखकर मोहल्ले के लोग डर गए। आसपास के लोग आग बुझाने में जुट
गए। दमकल मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। कारखाना मालिक के
अनुसार अग्निकांड में पांच लाख का नुकसान हुआ है।
शहर कोतवाली के
मोहल्ला बूरावाली गली निवासी ओमप्रकाश गुप्ता की अम्मा नमकीन के नाम से
दुकान है। ओमप्रकाश का परिवार दुकान की दूसरी मंजिल पर रहता है। दुकान के
पीछे कारखाना है। सोमवार की शाम करीब 7 बजे कारखाना में दालमोठ बनाई जा रही
थी। इस दौरान कड़ाही से निकली लौ से कारखाना में आग लग गई। आग ने विकराल
रूप ले लिया।
आग की लपटों को देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। परिजनों के
अलावा मोहल्ले के मोहित, मनीष, विकास, शिवम, राजा, कमल समेत अन्य लोगों ने
आग पर काबू पाने के लिए पानी डालना शुरू कर दिया। कुछ लोग दूसरी मंजिल से
घरेलू सामान
को बाहर निकलने लगे। घटना की सूचना पर दमकल कर्मी भी पहुंच
गए। तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। इस
दौरान मोहल्ले में अफरातफरी का
माहौल बना रहा। इस अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान बताया गया
है।