मोहम्मदाबाद। विधवा भाभी को शादी का झांसा देकर देवर ने शारीरिक संबंध बना लिए। जब वह गर्भवती हो गई तो ससुरालीजन उसे घर से निकालने के लिए आमादा हो गए। मामले की शिकायत कोतवाली मोहम्मदाबाद में दर्ज कराने के लिए परिजन पहुंच गए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शादी डेढ़ वर्ष पहले थाना जहानगंज क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। महिला का कहना है कि बीमारी के चलते उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद उसका देवर शादी करने की बात कहकर एक साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा।
जब वह गर्भवती हो गई तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं ससुरालीजन उसे घर से भी निकालने की कोशिश में जुट गए। विधवा ने देवर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोतवाली में तहरीर दी है।
आरोप लगाया कि देवर से शादी कराने को लेकर ससुरालीजन दो लाख रुपये और मोटर साइकिल की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर उन्होंने देवर की शादी गांव मनिकपुर थाना खड़नी जिला कन्नौज की एक युवती के साथ तय कर दी है। पीड़िता का कहना है कि वह दो माह की गर्भवती भी है। पुलिस ने ससुरालीजनों को थाने बुलाया है। समाचार लिखे जाने तक ससुराल वाले थाने नहीं पहुंचे थे।