नवाबगंज। थाना क्षेत्र के गांव उम्मरपुर में पीछे से नकब लगाकर चोरों ने घर से जेवर और नगदी पार कर दी। बहू के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने गांव के ही एक युवक को दबोच लिया। तहरीर के बावजूद पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव उम्मरपुर के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें कहा कि उसकी भाभी नन्ही देवी पत्नी उमेश कुमार अलग मकान में परिवार के साथ रहती हैं। बुधवार को भाभी व अन्य परिजन खेत गए थे। बहू रजनी घर पर अकेली सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवकों ने पीछे से घर के एक कमरे में नकब लगा दिया और बक्से में रखे रुपये व जेवर चोरी कर लिए। खटपट की आवाज सुनकर रजनी जाग गई तो वह कमरे में पहुंची।
चोरों को देख उसने शोर मचाया। इस दौरान भाग रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जितेंद्र कुमार ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी। नन्ही देवी ने बताया कि चोर बक्से से 8800 रुपये, सोने की एक जोड़ी झुमकी व चांदी की पायलें चोरी कर ले गए। एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट लिखी जाएगी।