वाहन चोरी में स्वाट टीम दो दिन पहले एटा जिले से दो लोगों को हिरासत में
लाकर पूछताछ कर रही थी। टीम के प्रताड़ित करने पर एक ने पुलिस लाइन के
स्वाट टीम कार्यालय में शीशा का टुकड़ा मार कर आत्महत्या का प्रयास किया।
घबराए टीम प्रभारी ने आनन फानन में उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
स्वाटटीम
प्रभारी ब्रजेश यादव ने दो दिन पहले एटा जिले में वाहन चोरों की तलाश में
छापेमारी की। इस दौरान वहां से थाना जैथरा के गांव नेहरू नगर निवासी विनय
उर्फ अमन शर्मा पुत्र शिवकुमार और निदौली गला निवासी रतन उर्फ अनिल यादव
पुत्र गौरीशंकर को पकड़ कर पुलिस लाइन स्थित अपने आफिस में ले आए थे। यहां
पर दोनों से चोरी के वाहनों के बारे में
पूछताछ की जा रही थी। क्षुब्ध होकर
शुक्रवार की तड़के अमन ने शौच के बाद शौचालय में लगे शीशे को तोड़ कर अपने
ऊपर दो वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसकी जानकारी पुलिस
कर्मियों को हुई तो सभी के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंचे टीम प्रभारी ब्रजेश
यादव ने घायल को आवास विकास तिराहा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती
कराया। कई घंटे
पुलिस इस घटना को दबाने का प्रयास करती रही। घटना के उजागर
होने पर स्वाट टीम प्रभारी ने दोनों की गिरफ्तारी करना ही उचित समझा। टीम
प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जिला जेल चौराहा पर वाहन चेकिंग की
गई। इस दौरान दोनों युवकों को चोरी की बाइक समेत पकड़ लिया गया। इस दौरान
अमन ने शौच जाने की बात कही तो वह उसे अपने आफिस ले गए। यहां पर उसने शीशा
तोड़ कर अपने ऊपर वार कर लिया।