छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमले के मामले में थानाध्यक्ष जहानगंज ने चार
नामजद समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर,
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। जहानगंज
थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने अजय कुमार उर्फ कोतवाल, भानू, बजरंगी, करु
निवासी घटमापुर और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में कहा गया कि बीते दिन मुखबिर ने सूचना दी कि भानू अपनी परचून की
दुकान पर शराब बेचता है। छापेमारी के
लिए गए तो ग्रामीणों ने हमला बोल
दिया। इस घटना में सिपाही रामप्रकाश और राजवीर घायल हो गए थे। उधर, भानू ने
बताया कि गांव के ही ध्रुव के यहां शराब का धंधा होता है। पुलिस बेवजह
उनके दुकान पर छापेमारी करने आई। इस दौरान सिपाहियों से दुकान में जूता
उतारकर आने को कहा तो वे गालीगलौज करते हुए पकड़कर ले जाने लगे। तारा देवी
का आरोप है
कि दुकान में छापेमारी के दौरान दो सिपाही घर में घुस आए। इसका
ग्रामीणों ने विरोध किया तो सिपाहियों ने अभद्रता कर दी। कहा कि पुलिस
फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। एसओ अनूप तिवारी ने
बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हमलावरों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।