मेरापुर थाने में युवक के साथ पुलिसिया पिटाई का वीडियो वायरल होने को एसपी
दिनेश कुमार पी ने गंभीरता से लिया है। एसपी ने पिटाई करने में दरोगा व दो
सिपाहियों को सस्पेंड और एसओ को लाइन हाजिर कर दिया है। राजेपुर एसओ को
तिकोना चौकी प्रभारी बनाया गया है। अचानक हुए इस फेरबदल से विभाग में
हड़कंप मचा है।
गांव नगला नानकार निवासी सर्वेश, सुरजीत और फरीद को थाने
के दरोगा रामसनेही ने संकिसा के पास से चोरी की योजना बनाते हुए पकड़ने का
दावा किया था। इस दौरान दरोगा ने सर्वेश को थाने लाकर पिटाई कर दी। किसी
ने इसका वीडियो बनाकर वाट्स एप पर लोड करने के साथ ही पुलिस के अफसरों को
भेज दिया। इस पर एसपी दिनेश कुमार पी ने गुरुवार की
रात में ही दरोगा
रामसनेही और एसओ सालिगराम वर्मा के साथ ही थाने के चार सिपाहियों को लाइन
हाजिर कर दिया। शुक्रवार को सर्वेश के पिता उमेशचंद्र ने एसपी से मिलकर
बेटे के साथ हुई घटना की जानकारी दी। इस पर देर रात दरोगा रामसनेही, सिपाही
दीपक और सुबोध को निलंबित कर दिया है।
वहीं एसपी ने मोहम्मदाबाद
कोतवाल केबी सिंह को मेरापुर थाने और पुलिस लाइन के दरोगा भीम सिंह को
मोहम्मदाबाद कोतवाली का चार्ज दिया है। राजेपुर एसओ श्रीकांत यादव को वहां
से हटा कर तिकोना चौकी प्रभारी बनाया गया। यहां तैनात नरेंद्र कुमार को
राजेपुर एसओ बनाया गया। मोहम्मदाबाद कोतवाली के एसएसआई रामजीवन यादव को शहर
की आईटीआई
चौकी का प्रभारी बनाया गया। कायमगंज मंडी चौकी प्रभारी रामनरेश
को कोतवाली से संबद्ध कर दिया गया। कायमगंज कोतवाली के दरोगा दिनेश कुमार
को मंडी चौकी प्रभारी बनाया गया। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच के दरोगा मुकेश
चौहान को
मेरापुर थाने से संबद्ध कर दिया। एसपी ने मोहम्मदाबाद के पांच
सिपाहियों को लाइन हाजिर किया है। अचानक पुलिस महकमे में हुए फेरबदल से कई
थाना प्रभारियों में हड़कंप मच गया। एसपी के रुख को देखकर अन्य प्रभारी
सचेत हो गए हैं।