फर्रुखाबाद। बजरिया जाफर खां स्थित ऑल सेंट्स पब्लिक स्कूल में बच्चे के घयल होने से गुस्साए परिजनों ने स्कूल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और स्कूल स्टाफ के साथ मारपीट की। इस बवाल में शिक्षक समेत तीन लोग घायल हो गए। अभिभावक की यह करतूत स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्कूल प्रबंधक ने आरोपी अभिभावक समेत 10-11 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
बजरिया जाफर खां स्थित ऑल सेंट्स स्कूल में अजय गुप्ता का पुत्र उत्कर्ष गुप्ता पढ़ता है। अजय ठेकेदारी करते है और नगर पालिका चेयरमैन वत्सला अग्रवाल के करीब है। स्कूल प्रबंधक पीयूष दुबे के अनुसार सोमवार को स्कूल में छात्र उत्कर्ष की तबियत ढीली होने पर घर जाने के लिए कहा गया। जब वह स्कूल में जीने से उतर रहा था तो गिरकर चुटहिल हो गया।
स्कूल का स्टाफ बच्चे को घर छोड़ आया। सुबह करीब 10.30 बजे अजय गुप्ता के भाई साथियों के साथ स्कूल में घुस आए और स्टाफ के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने गमले आदि तोड़ने के साथ ही स्टाफ कक्ष में जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने शिक्षिकाओं के साथ गालीगलौज करते हुए जमकर अभद्रता की।
मारपीट और तोड़फोड़ से बच्चे कमरों में दुबक गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। मारपीट में शिक्षक अमन अरोरा, नन्हे और उमेश यादव घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखे।