पुलिस लाइन में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : amarujala
फर्रुखाबाद। पुलिस लाइन की आवासीय कालोनी में रहने वाले उप निरीक्षक के घर से चोरों ने लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। दरोगा की तैनाती कानपुर पुलिस लाइन में है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर का इंतजार है।
कन्नौज के छिबरामऊ के सुभाष नगर निवासी सत्यनारायण त्रिपाठी फर्रुखाबाद में उप निरीक्षक (मोटर एंड ट्रांसपोर्ट) रहे है। उस दौरान उनको पुलिस लाइन में आवास संख्या 11 आवंटित की गई थी। वह परिवार समेत इसी आवास में रहते है। फिलहाल उनकी तैनाती कानपुर पुलिस लाइन में है। करीब एक सप्ताह पहले सत्यनरायन परिवार को लेकर छिबरामऊ गए थे। वहां से कानपुर चले गए। जबकि पत्नी रेनू और बेटा विनय छिबरामऊ में मकान का निर्माण करा रहे थे। पुलिस लाइन में उनके खाली मकान में सोमवार रात चोर दीवार फांद कर अंदर घुस गए।
इसके बाद दीवार में लगे लोहे के जाल की कीलों को निकाल घर के अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों में रखी अलमारी, बैड और अटैचियों को खोल कर वहां से नगदी और सोने चांदी के जेवर निकाल कर फरार हो गए। मंगलवार की दोपहर उनकी पत्नी रेनू बेटे के साथ घर पर पहुंची। मेनगेट का ताला खोल कर जब वह अंदर पहुंची तो कमराें में बिखरा सामान देखकर बेहोश हो गई। घटना की सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर यूपी-100 पहुंची। एसएसआई दीपक कुमार फोर्स के साथ मौके पर आ गए। पुलिस ने घटना की जांचपड़ताल की।
सत्यनारायण के पुत्र विनय ने बताया कि चोर उसके यहां से करीब 5 लाख का जेवर और करीब 2.50 लाख रुपये चोरी कर ले गए। उसने बताया कि घटना की सूचना पिता को दे दी है। उनके आने के बाद ही तहरीर दी जाएगी। प्रभारी कोतवाल दीपक कुमार ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है। उनका कहना था कि लंबे समय से आवास बंद पड़ा है।