कायमगंज के रूटौल गांव में मंगलवार को युवक की हत्या होने के बाद तनाव की
स्थिति है। आरोपियों और मृतक का घर आमने सामने होने के कारण हालात ज्यादा
गंभीर हैं। हालांकि आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हैं लेकिन उनके परिवार की
महिलाएं, बच्चे पशुओं के साथ अभी गांव में ही दूसरे स्थान पर हैं। पुलिस
के अभी तक हत्यारोपियों की तलाश में दबिश न दिए जाने से मृतक के परिजनों
में रोष है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव रूटौल निवासी शीशराम के पुत्र नरवीर का शव मंगलवार को गांव के
बाहर एक आम के बाग में पेड़ से लटका मिला था। मृतक के भाई उदयवीर ने रिश्ते
के चाचा नेकराम व उसके चार पुत्रों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट
लिखाई थी। दो साल पहले नेकराम और शीशराम के घरों के बीच सड़क निर्माण के
दौरान नाली बनाने के विवाद में गोली चली थी। इस गोलीकांड में नेकराम की
पत्नी मालती की मौत हो गई थी। नेकराम के पुत्र सुधीर ने शीशराम व उसके
पुत्रों पर रिपोर्ट दर्ज
कराई थी। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश है। घटना
की सूचना मिलते ही नेकराम परिवार सहित घर में ताला लगाकर फरार हो गया था।
दूसरे दिन तक पुलिस ने नेकराम आदि की तलाश शुरू नहीं की। इससे मृतक के
परिजनों में रोष है। दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल
तैनात कर दिया गया है। एसएसआई मेघनाथ सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों की
तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात
कर दिया गया है।