दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने महिला को केरोसिन डाल कर जला
दिया। इससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर पर पहुंचे पिता ने मामले की रिपोर्ट
दर्ज कराई है। जिला शाहजहांपुर थाना अल्हागंज के गांव भुड़िया निवासी अनिल
कुमार ने बेटी रिंकी की शादी थाना मऊदरवाजा इलाके के गांव बाबरपुर निवासी
सुमित कुमार के साथ 7 मई 2013 को की थी। शादी के कुछ समय बाद ससुरालीजन
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। सूचना पर मायके वालों ने बेटी की
ससुराल आकर
समझाबुझा कर मामले को शांत कर दिया था। इनके बीच कुछ दिन पहले
भी विवाद हो गया था। इस पर रिंकी के पिता अनिल कुमार ससुराल आए थे। मंगलवार
को वह वापस चले गए थे। इस दौरान महिला की संदिग्ध हालात में आग लगाने से
मौत हो गई। मामले की सूचना पर रिंकी का पिता अनिल और परिवार के लोग मौके पर
जा पहुंचे। शव को देखकर परिजनों में कोहराम
मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस
ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम
के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने बताया कि ससुरालीजनों ने दहेज की मांग
पूरी नहीं होने पर बेटी की जला कर मार डाला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति
सुमित, ससुर गोपाल, सास सुशीला देवी समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।