फर्रुखाबाद। मोमोज खाने के बाद रुपये न देने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के युवक ने फायरिंग कर दी। गोली चलने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची दो युवकों को पकड़ कर कोतवाली लाई। कोतवाल ने दोनों युवकोें का शंातिभंग में चालान कर दिया है।
मोहल्ला भूसामंडी निवासी मोहम्मद राशिद उर्फ शीबू व राहुल यादव उर्फ बंगाली में शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे झगड़ा हो गया। तभी एक पक्ष के युवक ने फायरिंग कर दी। फायर होने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी कोतवाली में दी गई। पुलिस ने रात में दबिश देकर मोहम्मद राशिद उर्फ शीबू और राहुल यादव उर्फ बंगाली को पकड़ कर कोतवाली लाई। इस झगड़े में पीछे बताया गया कि जय नरायन वर्मा रोड पर बियर शॉप के पास मोमोज का ठेला लगता है। उस ठेले पर मोहम्मद राशिद व उसके साथियों ने मोमोज खाने के बाद भुगतान नहीं किया।
इसकी शिकायत पर विवाद हुआ। झगड़े के दौरान पांच फायर किए गए। इससे एक युवक बाल-बाल बच गया। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। एक पक्ष से राहुल यादव उर्फ बंगाली व दूसरे पक्ष से मोहम्मद राशिद उर्फ शीबू का शांतिभंग में चालान किया गया है। किसी के खाली पड़ी जमीन के पास हवाई फायर करने की जानकारी मिली है। फायर किसने किया, उसका पता नहीं चला है।