सैनिक की पत्नी का शव मकान के ऊपरी मंजिल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका होने पर कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पिता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
छिबरामऊ के गांव कासियापुर निवासी शिवराम ने बेटी रिंकी की शादी थाना मऊदरवाजा के गांव माधौपुर निवासी कुलदीप यादव के साथ 13 जुलाई 2013 में की थी। कुलदीप जोधपुर में सेना में तैनात है। पत्नी मकान के ऊपरी मंजिल में रहती है। गुरुवार की सुबह रिंकी का शव अपने कमरे के पंखे में साड़ी के फंदे से लटक रहा था। जब रिंकी नीचे उतार कर नहीं आई तो परिवार के लोग ऊपर जाकर देखा। जैसे
ही कमरे में परिजन पहुंचे तो शव लटका देखकर दंग रह गए। आनन फानन में महिला को नीचे उतारा गया। परिवार के लोग उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस पर परिजन शव को वापस घर ले आए। महिला की मौत होने पर गांव में बात फैल गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसकी सूचना रिंकी के मायके वालों को दी गई। सूचना मिलने पर रिंकी के पिता
शिवराम सिंह यादव, मां मायादेवी समेत परिवार के अन्य लोग आ गए। मायके वालों ने बेटी के शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। हंगामा होने पर ससुराल के लोग वहां से खिसक लिए। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भुवनेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने दामाद
कुलदीप यादव, ससुर रामआसरे, सास रोशनीदेवी, जेठ राहुल, देवर राजीव और ननद पूजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मायके वालों का आरोप है कि दामाद और उसके परिवार के लोगों ने दहेज में कार और नगदी की मांग को लेकर रिंकी को प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। पिता ने कहा कि दामाद और जेठ राहुल ने रिंकी की हत्या करने की योजना बनाई थी। अन्य ससुरालीजनों ने घटना को अंजाम दिया।