प्रेम संबंधों के चलते तीन महीना पहले अधेड़ की हत्या हुई थी। सोमवार को इस वारदात का खुलासा करते हुए एसओ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। हालांकि एक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लगा है।
थाना मऊदरवाजा के गांव अमिलापुर निवासी अमर सिंह यादव (45) 18 दिसंबर को गांव में ही एक कार्यक्रम में गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। उसकी खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 20 दिसंबर की सुबह अमर सिंह का शव गन्ने के खेत में मिला था।
मृतक के भाई चरन सिंह ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिले में आए डीआईजी ने अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसओ संजीव राठौर की फटकार लगाई तो हरकत में आई पुलिस ने मामले का खुलासा करने में जुट गई। पुलिस ने गांव के ही संजीत सिंह यादव और इनके चचेरे भाई कौशलेंद्र सिंह यादव को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने हत्या की घटना कबूल कर ली।
एसओ संजीव राठौर ने बताया कि संजीत के परिवार की एक महिला से अमर सिंह से प्रेम संबंध थे। यह बात गांव में फैलने लगी थी। एसओ ने बताया कि अमर सिंह कार्यक्रम में गया था। वहां से वह गांव ढकेलापुर शराब पीने के लिए चला गया। वहां पर संजीत का भाई मंजीत था। शराब पीने के बाद अमर सिंह वहां से निकला तो मंजीत ने उसका पीछा कर अपने भाई संजीत और चचेरे भाई कौशलेंद्र को बुला लिया। इसके बाद रास्ते में उसकी हत्या कर शव को फेंक कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि मंजीत के पिता की 17 साल पहले हत्या हो गई थी। इस हत्या में अमर सिंह का नाम सामने आया था। यह भी रंजिश थी। उन्होंने बताया कि तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।