प्यार में धोखा मिलने से खफा प्रेमिका शुक्रवार को प्रेमी के घर साथियों के साथ पहुंची। प्रेमिका ने साथियों के सहयोग से प्रेमी की जमकर धुनाई की और उसे बोलेरो में डालकर चली गई। प्रेमी के पड़ोसियों की सूचना पर यूपी 100 पुलिस ने अलीगंज में बोलेरो को पकड़ लिया। अलीगंज कोतवाली में समझौता होने पर प्रेमिका ने प्रेमी को घर जाने दिया। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अविवाहित युवक दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता था। वहीं पर युवक के गांव की ही रहने वाली महिला भी अपने पति के साथ रहती थी।
प्रेमिका के मुताबिक गांव के नाते युवक का उसके घर आना-जाना था। इस दौरान दोनों के बीच प्रेम-संबंध हो गया। प्रेमिका का आरोप है कि दो साल से युवक उससे अवैध संबंध बनाए रहा। दो माह पहले बिना बताए गांव लौट आया। इस दौरान कई बार संपर्क कर उसे दोबारा दिल्ली बुलाया लेकिन वह जाने को तैयार नहीं हुआ।
इससे गुस्साई प्रेमिका शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे पांच-छह युवकों और एक महिला के साथ युवक के घर पहुंची। प्रेमी को पहले जमकर पीटा और बाद में बोलेरो में डालकर ले गए। इस दौरान पड़ोसियों ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस ने जिला एटा थाना व कसबा अलीगंज में यूपी 100 पुलिस ने बोलेरो को ओवरटेक रुकवा लिया।
गाड़ी में दो महिलाएं और पांच-छह हमलावरों के अलावा प्रेमी सवार था। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर अलीगंज कोतवाली पहुंची। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद प्रेमिका दिल्ली वापस लौट गई। शमसाबाद एसओ मोहित यादव ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।