पुलवामा में हुई आतंकी घटना के बाद 16 फरवरी को व्हाट्सएप ग्रुप पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कसबा के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी पवन दुबे ने व्हाट्सएप के सिटी पब्लिक ग्रुप डेलएड की सदस्य तराना खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्य रोहित सिंह ने व्हाट्सएप पर पाकिस्तान मुर्दाबाद लिखा था। इस पर तराना खान ने लिखा कि ग्रुप पर गलत मैसेज मत सेंड करो।
इसके जवाब में ग्रुप के दूसरे सदस्य रजत ने लिखा कि पाकिस्तान मुर्दाबाद से तुम्हें क्या समस्या है और रजत ने भी पाकिस्तान मुर्दाबाद लिख दिया। इस पर तराना खान ने हिंदुस्तान के खिलाफ गलत टिप्पणी ग्रुप पर कर दी। इसके जवाब में एक अन्य सदस्य ने लिखा कि आप हद पार कर रही हैं। इसके बाद प्रियंका ने लिखा कि आप हिंदुस्तान में रहकर हिंदुस्तान के खिलाफ ही टिप्पणी कर रही हैं। यह ठीक नहीं है। इससे पुलवामा में शहीद हुए जवानों के परिजनों की भावनाएं आहत हो रही हैं। पुलिस ने मुकदमे में धारा 124 ए व 66 आईटी एक्ट लगाई है। बता दें कि इस मामले की तहरीर पुलिस को 18 फरवरी को ही दे दी गई थी। प्रभारी कोतवाल वीरेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।