दिल्ली से शमसाबाद रोडवेज बस से आ रहे युवक को जहर खुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। बेहोशी हालत में बस परिचालक ने उसको फैजबाग में सड़क किनारे उतार दिया और चला गया। स्थानीय लोगों ने युवक के घर सूचना दी। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। गांव मुबारकपुर निवासी राजेंद्र कुमार का पुत्र राहुल हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करता है। बड़े भाई ऋषिपाल की तबियत खराब होने के चलते राहुल दिल्ली से रोडवेज बस से शमसाबाद आ रहा था।
रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ खिलाकर राहुल को बेहोश कर दिया और उसका मोबाइल, रुपये लेकर फरार हो गए। बस परिचालक ने राहुल को फैजबाग में सड़क किनारे बेहोशी हालत में रविवार के भोर में उतार दिया। सड़क किनारे युवक को काफी देर तक पड़ा देखकर स्थानीय दुकान व राहगीर उसके पास पहुंचे और पानी डाल कर उसको उठाने का प्रयास किया लेकिन उसको होश नहीं आया। तब स्थानीय लोगों ने उसकी जेब देखी तो कागज पर मोबाइल नंबर मिला।
जिसके माध्यम से युवक के बेहोश पड़े होने की सूचना दी गई। परिजन आनन फानन में फैजबाग पहुंचे और राहुल को प्राइवेट अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। होश आने पर राहुल ने बताया कि उसके पास बीस हजार रुपये, मोबाइल व अन्य सामान था जो जहर खुरानी गिरोह के सदस्य लूट ले गए।