कमालगंज। जीआरपी के सिपाहियों ने हींग व्यापारी को ट्रेन से जबरियां उतार दिया। व्यापारी का कहना है कि सिपाहियों ने उससे नगदी लूट ली। व्यापारी ने इसकी शिकायत कमालगंज थाना पहुंच कर पुलिस से की। एसओ की सूचना पर जीआरपी हींग व्यापारी को अपने साथ ले गई।
जिला कन्नौज के थाना सौरिख के गांव मझगवां बदलपुर निवासी अशोक कुमार हींग व्यापारी हैं। यह मंगलवार को हाथरस जाने के लिए गुरसहायगंज स्टेशन से ट्रेन पर सवार हुए। इनका कहना है कि कमालगंज रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के सिपाहियों ने जबरियां ट्रेन से नीचे उतार लिया। वह गेट पर पहुंचा तो गेटमैन विश्वप्रताप और इनके साथ खड़े दो सिपाहियाें ने पकड़ लिया और तीन हजार रुपये लूट लिए।
सिपाहियों के रुपये वापस न करने पर अशोक कमालगंज थाने पहुंचे। इन्होंने दरोगा योगेंद्र प्रताप को लूट की जानकारी दी। इन्हाेंने गेटमैन विश्व प्रताप को बुला कर घटना की जानकारी ली। गेटमैन ने पुलिस को बताया कि जीआरपी के सिपाहियों ने उसे स्टेशन पर ट्रेन पर उतार दिया। इस पर वह सिपाहियों से विवाद करने लगा। गुस्से में रुपये फेंक दिए। एसओ ने जीआरपी के दरोगा सत्यप्रकाश को बुलवा लिया।
सत्यप्रकाश और सिपाही प्रदीप ने एसओ को बताया कि अशोक शराब के नशे में था। वह महिलाओं के अभद्रता कर रहा था। इस पर उसे स्टेशन पर उतार दिया तो उसने रुपये फेंक दिए। सिपाही प्रदीप ने रुपये इकट्ठा कर उसकी जेब में रख दिए। पूछताछ के बाद जीआरपी दरोगा सत्यप्रकाश, व्यापारी अशोक को अपने साथ ले गए।