नगर कोतवाली क्षेत्र के मकबरा इलाके में मंगलवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे पुलिस की अवैध वसूली से नो इंट्री में घुसे बेकाबू ट्रक ने एक बाइक सवार युवक (व्यवसायी) को रौंद डाला। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना से लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर जाम लगा प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने ट्रक को घेर चालक को पकड़ लिया और वाहन में तोड़फोड़ भी शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने किसी तरह चालक को कब्जे में लिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। जप्ती वजीरगंज के निकट लालबाग निवासी सतीश कुमार तिवारी उर्फ पवन (32) की नाका में आटो पार्ट्स की दुकान है।
वह अपनी बाइक से दुकान से घर जा रहा था। इसी दौरान मकबरा मोड़ के निकट सामने से एक ट्रक बाइक और एक रिक्शे को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। इसमें सतीश ट्रक के पहिये के नीचे आ गया।
यह देख रहे स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेरकर पकड़ लिया। हादसे से आक्रोशित लोगों ने नाका हनुमानगढ़ी के पुजारी रामदास, भाजपा नेता अन्नू जायसवाल, दुर्घटना के शिकार युवक के भाई शशि तिवारी के साथ मिलकर रोड जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो भीड़ ने तिराहे पर मौजूद होमगार्ड जवान पर 20 रुपये लेकर नो इंट्री में ट्रक को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया और यातायात उपनिरीक्षक तथा नगर कोतवाल के निलंबन की मांग शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद सीओ सिटी और कोतवाल ने भीड़ को किनारे करने तथा यातायात बहाल कराने की कोशिश की तो लोगों से उनकी तीखी झड़प हो गई। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट वीके पांडेय पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।
काफी देर तक आक्रोशित लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। हालांकि बाद में जांच व कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए। लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप नगर कोतवाल व यातायात उपनिरीक्षक को हटाने, नो इंट्री व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग रखी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच व विवेचना के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। दो घंटे बाद नाका-मकबरा मार्ग पर यातायात बहाल हुआ। इस दौरान मार्ग पर तीनों तरफ वाहनों की कतार लगी रही।
हादसे में घायल सतीश को जिला अस्पताल पहुंचाये जाने पर डॉक्टरों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल एचएन मिश्र ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को चालक समेत कब्जे में ले लिया गया है।