टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया ट्रक
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, बुलंदशहर
शमसाबाद। अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में दंपति समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। एक घटना में चालक बाइक छोड़कर भाग गया। थाना क्षेत्र के गांव नगला धनी निवासी रामआसरे बाइक से घर लौट रहे थे। सरपारपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक चालक संदीप कुमार निवासी कटिया से रामआसरे की भिड़ंत हो गई। इस घटना में रामआसरे और संदीप घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद संदीप बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। पुलिस ने संदीप की बाइक कब्जे में ले ली। दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। घायल रामआसरे को उनके भाई रामवीर ने कसबा स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। उधर, जिला शाहजहांपुर थाना मिर्जापुर के गांव बारिया निवासी साबिर अपनी पत्नी रिजवाना के साथ बाइक से कायमगंज रिश्तेदारी में जा रहे थे। फैजबाग चौराहे के पास बाइक पंचर होने पर साबिर पंचर जुड़वाने लगे।
दंपति सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात मैजिक की चपेट में आकर दंपति घायल हो गए। घायलों को आसपास के दुकानदारों ने फैजबाग स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। अज्ञात मैजिक चालक मौके से भागने में सफल रहा।