कर्नलगंज में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड के जवान।
- फोटो : amarujala
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला कर्नलगंज में एक मकान में लगी आग से लाखों की संपत्ति राख हो गई। फायरब्रिगेड के जवानों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कर्नलगंज मोहल्ला निवासी जगदीश मिश्र की पत्नी गंगाश्री का कहना है कि उनके मकान में किराएदार रहते हैं। सोमवार को वह अस्पताल गई थी। उसी समय सुबह करीब नौ बजे घर में आग लग गई।
किराएदार अनवर का कहना है कि वह सेना में ट्रेडमैन के पद पर कार्यरत है। वही दूसरा किराएदार अतुल भी सरकारी महकमे में कार्यरत है। अनवर का कहना है कि वह ईद की नमाज अदा करने के बाद अपने मकान में ताला बंद करके हाथीखाना में रह रहे बेटे के घर चला गया था। उसी दौरान घर में आग लग गई।
अनवर ने बताया कि वह बेवर रोड पर प्लाट लेकर मकान बनवा रहा है, जिसके लिए खिड़की दरवाजे तथा अन्य सामान लेकर रख लिया था। आग में सारा सामान जल गया। अनवर ने करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई है। अतुल के हिस्से में भी ताला बंद था। उसमें भी आग पहुंच गई। नतीजतन उसके कमरे का भी सामान आग की भेंट चढ़ गया।
सूचना पाकर चौकी इंचार्ज गोकुल सिंह, एफएसओ बीपी सिंह तथा कोतवाल अनूप निगम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लकड़ी के दरवाजे और खिड़कियों में पुन: आग धधकने लगी। इस पर फायरब्रिगेड के जवानों को फिर से मेहनत करके आग बुझानी पड़ी।