हैलट अस्पताल में इलाज कराती फर्रुखाबाद में पुलिस जीप से कूदी गैंग लीडर मीरा जाटव।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। एसओ को धमकी देने वाली लुटेरों की गैंग लीडर आरोपी महिला जेल जाते समय भागने के इरादे से पुलिस जीप से कूद गई। जिससे वह घायल हो गई। पुलिस कर्मियों ने आरोपी महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने महिला को हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। एसओ ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करने के मामले की महिला के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी गैंग लीडर मीरा जाटव को कमालगंज पुलिस ने शनिवार को सदरियापुर तिराहा के पास से पकड़ा था। मीरा के पास से पांच सौ ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ था। महिला के गैंग के दो गुर्गों के पकड़े जाने से नाराज महिला लगातार एसओ सालिगराम वर्मा को फोन पर धमकी दे रही थी।
इस मामले की एसओ ने कमालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद गैंग की लीडर मीरा जाटव पकड़ी गईं। जेल में दाखिल कराने के लिए एसओ ने न्यायालय से गैंग लीडर का रिमांड लिया। इसके बाद शनिवार रात लगभग 10.20 बजे महिला पुलिस कर्मियों के साथ गैंग लीडर मीरा जाटव को जीप में बैठाकर जिला जेल ले जाया जा रहा था।
फतेहगढ़ सिविल लाइंस तिराहे के पास आरोपी गैंग लीडर महिला ने पुलिस हिरासत से भागने के उद्देश्य से चलती जीप से छलांग लगा दी। यह देख जीप में बैठे पुलिस कर्मियों के हांथपांव फूल गए। चालक ने जीप रोकी और पुलिस कर्मी जीप से उतर कर महिला को पकड़ने के लिए भागे। सड़क पर गिरने से गैंग लीडर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिसकर्मियों ने उसको पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर गैंग लीडर महिला को चिकित्सक ने हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। वहीं, एसओ सालिगराम वर्मा ने फतेहगढ़ कोतवाली में गैंग लीडर मीरा जाटव के खिलाफ हिरासत से भागने का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।