पिता के हत्यारोपी को कुल्हाड़ी से काट कर खून का बदला लेने के आरोपी को
कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। रविवार
देर शाम कोतवाली क्षेत्र के गांव पंछीनगला निवासी रामकिशोर पुत्र रूपराम
को गांव के गुड्डू पुत्र रामसिंह ने कुल्हाड़ी से काट डाला था। रामकिशोर पर
कुल्हाड़ी से 12 वार किए गए थे। एसपी ने कोतवाल एके सिंह परिहार को
हत्यारोपी को पकड़ने के निर्देश दिए थे। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को
गुड्डू को गिरफ्तार कर आला कत्ल
कुल्हाड़ी बरामद कर ली। कोतवाली में
गुड्डू के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। उसने सीओ एके रावत को बताया कि चार
साल पहले उसकी मां रामदुलारी के पेट में गाय ने सींग मार दिया था। वह घर
में चारपाई पर लेटी थीं। उनके पेट में टांके लगे थे। तभी रामकिशोर ने बेर
तोड़ने के र्लिए इंट पेड़ पर फेंकी। यह ईंट मां के पेट पर जाकर गिरी थी।
इससे उनके पेट में बड़ा घाव हो गया था।
कुछ समय बाद मां की मौत हो गई थी।
इसके बाद 14 दिसंबर 2013 को रामकिशोर ने कन्हई लाल के साथ मिलकर पिता की
हत्या कर दी। इन लोगों ने पिता से 20 हजार रुपये भी लूट लिए थे। जेल से
छूटकर आने पर यह गांव में सीना तान कर उसे चिढ़ाता हुआ निकला करता था। इस
पर उसका खून खौल जाता था। इसके बाद उसने बदला लेने का मन बनाया। रणनीति के
तहत पत्नी को मायके भेज दिया।
मौका पाते ही उसने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़
वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह गांव से बाहर निकल आया।
कुल्हाड़ी को धोकर छुपा दिया। उसने बताया कि उसने अपने माता-पिता की
हत्या का बदला ले लिया है। इसका उसे कोई अफसोस नहीं है।