मेरापुर थाना क्षेत्र के चंदुइया में सोमवार को बाइकर्स लुटेरों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 4.50 लाख रुपया लूट लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। संदेह होने पर सेल्समैन को हिरासत में ले लिया है। एटा जिले के थाना व कसबा मलावन निवासी अजीत सिंह का फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के अचरा बाजार में पेट्रोल पंप है। यहां मैनेजर के रूप में
अजीत सिंह का साला मैनपुरी के धारव निवासी जसवंत सिंह एवं सेल्समैन के रूप में एटा के सकीट थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी पिंटू कुमार कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर मैनेजर जसवंत सिंह एवं सेल्समैन पिंटू स्कार्पियो से रुपये जमा करने के लिए गांव चंदुइया स्थित बैंक आफ इंडिया की शाखा में गए। गाड़ी खड़ी करने के बाद जसवंत सिंह बैंक में चले गए,
जबकि सेल्समैन रुपयों से भरा बैग लेकर बैंक में जाने लगा। इसी बीच दो बाइकों पर सवार चार लुटेरे आए। एक लुटेरा बाइक से नीचे उतरा और तमंचा लगाकर पिंटू से बैग छीन लिया। इसके बाद वे सभी भाग निकले। पिंटू के शोर मचाने पर जसवंत सिंह व अन्य लोग बैंक से बाहर आए। सूचना पर एसओ मेरापुर संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे । मैनेजर ने बताया कि बैग
में 4,51,850 रुपये थे। कुछ देर बाद एएसपी अशोक कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पिंटू को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान बैंक का सीसीटीवी खराब पाया गया। शाम को पेट्रोल पंप मालिक अजीत सिंह ने तहरीर दी। एसओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।