जहानगंज (फर्रुखाबाद)। पेट्रोल पंप पर मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में सोमवार को जवाबी रिपोर्ट दर्ज की गई है। पेट्रोल पंप मैनेजर ने सात लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी ओर से ट्रैक्टर मालिक ने पंप मैनेजर समेत तीन लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
जहानगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर गांव महरूपुर बीजल स्थित पीडी फिलिंग स्टेशन पर ट्रैक्टर में कम डीजल डालने को लेकर ट्रैक्टर चालक और सेल्समैन में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के लोगों के आने पर मारपीट होने लगी। ट्रैक्टर चालक के गांव से आए लोगों ने पेट्रोल पंप के फर्नीचर को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मारपीट में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए थे।
पेट्रोल पंप मैनेजर राहुल कटियार ने गांव न्यामतपुर ठाकुरान निवासी ट्रैक्टर मालिक बालेंद्र, ट्रैक्टर चालक डब्लू, इनके साथी शिशुपाल, रघुवीर, बबलू, सुनील, नेपाल व अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, लूट व एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में गांव न्यामतपुर ठाकुरान निवासी ट्रैक्टर मालिक बालेंद्र सिंह ने पेट्रोल पंप मैनेजर राहुल कटियार, सेल्समैन शैलेंद्र व कमालगंज के गांव गदनापुर निवासी रघुराज पाल और आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।