कार शोरूम में घुसे चोरों ने अलमारियों के दरवाजे तोड़कर रखे दो हजार रुपये व व कुछ सामान चोरी कर ले गए। शोरूम के प्रबंधक बुधवार सुबह वहां पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
शहर के ठंडी सड़क पर तिरूपति सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का शो रूम है। इसमें शहर के मोहल्ला गढ़ी नवाब नियामत खां निवासी अकील अहमद प्रबंधक हैं। वह मंगलवार शाम को शोरूम बंद कर घर चले गए थे।
रात में वर्कशाप की दीवार के पास लगी जाली को काट कर चोर अंदर घुस गए। वहां से चोर शोरूम में प्रवेश कर गए। वहां रखी अलमारियों के दरवाजे तोड़ दिए और उनमें रखे कागजों को जमीन पर बिखेर दिया।
एक अलमारी की रैक में दो हजार रखे थे। उनको चोर निकाल ले गए। बुधवार सुबह शाखा प्रबंधक ने शोरूम खोला तो कुर्सी मेज जमीन पर पड़ी थी। अलमारी के दरवाजे टूटे और उनमें रखे कागज व अन्य सामान जमीन पर बिखरा था।
पुलिस ने मौके पहुंच कर जांच की। शाखा प्रबंधक ने बताया कि चोर दो हजार रुपये व कुछ सामान चोरी कर ले गए है। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
कार शोरूम से नकदी व सामान चोरी
पुलिस ने शोरूम में पहुंच कर की जांच
दो हजार रुपये व कुछ सामान ले गए चोर