फर्रुखाबाद । बिजली चोरी रोकने व राजस्व वसूली के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना कनेक्शन फर्जी मीटर लगाकर बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया। अवर अभियंता ने छह उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके साथ ही मीटर लगाने वाली फर्म के विरुद्घ कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता को लिखा है।
अवर अभियंता राघवराम पांडेय ने विभागीय टीजी-2 व संविदा कर्मियों के साथ चेकिंग की। इस दौरान खानपुर भट्ठा के निकट बाग लकूला निवासी कैलाश चंद्र कटियार के प्रतिष्ठान पर बिना कनेक्शन फर्जी मीटर लगा मिला। अवर अभियंता ने बताया कि करीब पौने तीन लाख रुपये बकाये में काफी दिन पहले मीटर उखाड़कर कनेक्शन पीडी कर दिया गया था। मौके पर मिला मीटर शहर के दूसरे उपभोक्ता के कनेक्शन नंबर पर लगाया गया। उस उपभोक्ता के परिसर में अपना मीटर भी लगा है। इस मामले में उन्होंने उपभोक्ता के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही मीटर लगाने वाली कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा है। इसके अलावा कादरीगेट निवासी सत्यपाल सिंह, घोड़ा नखास निवासी शमशाद हुसैन, कटरा बू अली निवासी रोशन बानो, गढ़ी अब्दुल मजीद निवासी मो.शौकत व अमेठी जदीद निवासी गुलजार अहमद के खिलाफ बिजली चोरी में उन्होंने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवर अभियंता सतेंद्र सिंह ने चेकिंग के दौरान कटे कनेक्शन चलते पाए जाने पर बकायेदार 23 उपभोक्ताओं के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोतवाली में रिपोर्ट लिखाई है।
बिना कनेक्शन फर्जी मीटर से बिजली चोरी पकड़ी
छह उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट, मीटर लगाने वाली फर्म के विरुद्घ कार्रवाई को लिखा