फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के गनेश प्रसाद स्ट्रीट मोहल्ला में टप्पेबाज ने महिला को गृह दशा खराब होने का झांसा देकर 151 कदम चला रुपये और जेवरों भरा पर्स लेकर रफूचक्कर हो गए।
मसेनी चौराहा निवासी रानी राठौर पत्नी श्यामबाबू राठौर सोमवार को अपने भाई मुन्नालाल राठौर निवासी गनेश प्रसाद स्ट्रीट के यहां उनके पुत्र के रुकाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थीं। रानी राठौर को मोहल्ले के पास ही दो युवक मिले और उनमें से एक ने उसे रोककर कहा कि तुम्हारी गृह दशा ठीक नहीं चल रही है। पूजा करवानी है। कुछ रुपये दो। रानी राठौर ने रुपये देने से मना कर दिया।
युवक ने रानी राठौर को मुफ्त उपाय बताते हुए कहा कि वह अपने जेवर उतारकर पर्स में रख ले और पर्स उसके साथी को दे दें। इसके बाद वह साथी के साथ 151 कदम चले लेकिन पीछे मुड़कर न देखे। रानी राठौर ने मंगलसूत्र और कुंडल उतारकर पर्स में रखकर युवक के साथी को दे दिए। दोनों लोग 151 कदम चलने लगे। इसी दौरान मौका पाकर दोनों टप्पेबाज भाग गए।
रानी राठौर ने 151 कदम चलने के बाद पीछे मुड़कर देखा तो दंग रह गई। शोर सुनकर मोहल्लेवासी आ गए। मोहल्ले के आशीष कनौजिया के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज देखकर रानी राठौर ने उसे पहचान लिया। मामले की सूचना पुलिस को देर शाम तक नहीं दी गई।