अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदाबाद(फर्रुखाबाद)। दीवार फांद कर घर में घुसे चोर तीन मकानों से जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक युवक को उठाया है।
कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकर नगर तकीपुर निवासी राजबहादुर यादव शनिवार की रात छत पर सो रहे थे। चोर दीवार फांद कर बक्सा और अटैचियों से नगदी और जेवर निकाल ले गए। सुबह चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। राजबहादुर ने बताया कि चोर 10 हजार रुपये, 50 हजार के जेवर ले गए। कुछ दूरी पर उजागर लाल के मकान में चोर दीवार फांद कर घुसे। नगदी और सोने चांदी के जेवर ले गए। बताया कि चोर 50 हजार का सामान ले गए। इसी तरह भूरे सिंह के घर में चोर दीवार फांद कर सोने-चांदी के जेवर निकाल ले गए। भूरे सिंह ने बताया कि 45 हजार की चोरी हुई है।
राजबहादुर यादव की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रभारी कोतवाल सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।