अमर उजाला ब्यूरो
राजेपुर(फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव जिठौली में पुलिस ने बाराबंकी की एक युवती को मुक्त कराया। वह एक युवक के साथ रह रही थी। पूछताछ में पता चला कि उसे एक अन्य युवक बहला फुसला कर ले आया था। वह किसी मामले में जेल में है। वह युवती को इसके पास छोड़ गया था।
बाराबंकी के थाना देवाशरीफ के एक गांव निवासी युवती को लगभग दो माह पूर्व राजेपुर के जिठौली निवासी एक युवक बहला फुसला कर अपने साथ ले आया था। कुछ दिनों बाद किसी मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल जाने से पहले युवक अपने दोस्त के पास युवती को छोड़ गया। रविवार को पुलिस ने दबिश देकर युवक और युवती को पकड़ लिया। पूछताछ में युवती ने खुद को बाराबंकी जिले के एक गांव का निवासी बताया। उसने बताया कि जो उसे लेकर आया था, वह खुद जेल में है। हिरासत में लिए गए युवक की कोई गलती नहीं है। वह तो उसके प्रेमी का दोस्त है। पुलिस ने दोनों को थाने में बैठाकर सूचना युवती के परिजनों को दी है।