अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी कोहना मोहल्ला मार्ग पर सोमवार को बाइक सवार लुटेरों से कोटेदार की पत्नी भिड़ गई। उसने जेवर का बैग नहीं छोड़ा। शोरशराबा होने पर मोहल्ले वाले दौड़े तो बाइक सवार बदमाश भाग गए।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी कोटेदार सलीम खां की पत्नी निशात फात्मा अल्वी की बहन जीनत फात्मा निवासी गढ़ी कोहना का निकाह होना है। निशात फात्मा के मुताबिक सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी बहन के यहां से पैदल घर लौट रही थीं। उनके पास बैग में जेवर रखे थे। मोहल्ला गढ़ी कोहना में कल्लू लकड़ी वाले की दुकान के पास पीछे से एक बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने बैग छीनने का प्रयास किया। दोनों में छीनाझपटी होने लगी। महिला ने बैग नहीं छोड़ा और शोर मचा दिया। मोहल्ले के आफाक आदि घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
मोहल्लेवासियों को आता देख लुटेरे नई बस्ती से होते हुए भाग गए। निशात फात्मा ने बताया कि अपाचे बाइक पर तीन लोग सवार थे। बैग में सोने-चांदी के जेवर और तीन हजार रुपये रखे थे।