अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। शराब पीकर हंगामा करने वालों की तलाश में गई पुलिस ने मंगलवार को घर के बाहर शराब पीते समय युवक को पकड़ लिया। परिवार वाले पुलिस टीम पर पथराव कर युवक को छुड़ा ले गए। दरोगा ने चार नामजद और अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, महिलाओं ने पुलिस पर घर में तोड़फोड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया।
शहर के नखास चौकी प्रभारी बनी सिंह मंगलवार को एसपी के आदेश पर शराब पीकर हंगामा करने और छेड़छाड़ करने वालों की चेकिंग कर रहे थे। चौकी प्रभारी के साथ चीता मोबाइल के सिपाही वेदप्रकाश, राहुल यादव भी थे। वह लोग मोहल्ला जटवारा जदीद से गुजर रहे थे।
उसी समय इसी मोहल्ले का गोविंद घर के पास शराब पी रहा था। पुलिस उसको पकड़ने गई तो वह घर में घुस गया। पुलिस ने घर में घुस कर उसे दबोच लिया। गोविंद को पकड़ता देखकर घर के लोगों ने उसे छुड़ा लिया। पुलिस से छूटने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। इसका विरोध करने पर पुलिस पर महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने पर फोर्स मौके पर पहुंचा।
उधर, नरेंद्र सिंह के परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके घर आकर तोड़फोड़ कर मारपीट की। पुलिस वालों ने घर वालों को मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
वहीं, दरोगा ने नरेंद्र सिंह, निवास सिंह, करिया, बनिया और अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि वह लोग शराब पीकर हंगामा करने वालों की तलाश में अभियान चला रहे थे। इस बीच शराब पीते हुए दो लोग मिले। उनको पकड़ने के लिए गए तो वह गली में भाग गए। इस दौरान उसके परिवार वालों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। सरकारी कार्य में बाधा डाली। इसके साथ ही खुद ही महिलाओं ने अपने दरवाजों को तोड़ कर मुकदमे फंसाने की धमकी दी।