फर्रुखाबाद। दो कारों की भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर गए होमगार्ड से एक कार सवार युवक ने अभद्रता कर दी। पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे कर्नलगंज चौकी से चंद कदमों की दूरी पर भोलेपुर में दो कारें आमने सामने टकरा गईं। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। एक कार को लेकर चालक मौके से चला गया। दूसरी कार पर सवार युवक वहीं खड़े रहे। हादसा देखकर कर्नलगंज चौकी से एक होमगार्ड मौके पर गया और पूछताछ करने लगा। तभी कार में एक युवक ने होमगार्ड से अभद्रता कर दी।
शोर होने पर कर्नलगंज चौकी प्रभारी हरिओम त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एक युवक को पकड़कर फतेहगढ़ कोतवाली भेज दिया। कर्नलगंज चौकी प्रभारी हरिओम त्रिपाठी ने बताया कि मोहल्ला हाथीखाना निवासी आयुष को पकड़ा था। उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।