क्षेत्र के गांव नगला बाले निवासी दिव्यांग की ढाई माह पूर्व हत्या के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नीबकरोरी के मजरा नगला बाले निवासी अमित कुमार ने नीबकरोरी निवासी हनीफ व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
रिपोर्ट के अनुसार अमित की पुलिस में सिपाही पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर हनीफ ने उसके पिता दिव्यांग रघुनंदन सिंह (55) से पांच लाख रुपये लिए थे। इसके बाद काफी दिनों तक गुमराह करता रहा। उसने दो मोबाइल नंबरों पर कथित पुलिस अधिकारियों से बात भी कराई।
नौकरी न लगने पर 19 जनवरी को पिता उसके घर गए और रुपये वापस मांगे। इस पर हनीफ ने रुपये देने से मना करते हुए गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। 26 जनवरी को वह नलकूप पर खेत में सिंचाई के पहुंचा तो उसके पिता का शव बेल के पेड़ से लटक रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया था, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी। उसे पूर्ण विश्वास है हनीफ ने ही रुपये वापस न करने की नियत से उसके पिता की अपने साथियों के साथ हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिव्यांग की हत्या में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज