शमसाबाद। बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े महिला के कुंडल लूट लिए और भाग गए। पीड़िता के मामा ने बाइक से उनका पीछा किया पर हाथ नहीं आए। कुछ देर बाद वही युवक महिला को फैजबाग तिराहे पर एक ठेली के पास खड़े दिखे। इस पर महिला ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर तलाशी ली, लेकिन उनके पास से कुंडल नहीं मिले।
शाहजहांपुर के थाना कलान के गांव नगला बसोला निवासी उर्मिला मामा रामचंद्र के साथ शुक्रवार को शमसाबाद के गांव दलेलगंग मिलकिया में पुत्री की शादी के लिए लड़का देखने जा रही थीं। शमसाबाद-फैजबाग रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। युवकों ने रामचंद्र की बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर दी।
एक युवक ने पुष्पा के कान में झपट्टा मारकर कुंडल तोड़ लिए। दोनों युवक बाइक पर बैठकर गांव ठंडी कुइयां की ओर भागे। रामचंद्र ने पुलिस को सूचना देने के बाद युवकों का बाइक से पीछा किया।
रास्ते में ठंडी कुइंया चौराहे के पास पुलिस को खड़ा देख बाइक सवार दूसरे रास्ते पर भाग गए। कुछ देर बाद उर्मिला रामचंद्र के साथ फैजबाग तिराहे पर पहुंचीं तो वहां उसने एक ठेली के पास दोनों युवकों को खड़ा देख लिया।
इसकी सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से कुंडल नहीं मिले। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई। रामचंद्र ने कुंडल लूटने के आरोप में तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया।