मोहम्मदाबाद। ग्राम पंचायत अधिकारी व उसके दो पुत्रों के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपियों ने शिक्षक से आठ लाख रुपये लिए और हजम कर गए। पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बहादुर निवासी देवेश सिंह स्वामी विवेकानंद आदर्श इंटर कॉलेज पंचम नगरिया में शिक्षक हैं। ग्राम विकास अधिकारी लाल सिंह के पुत्र रोहित व संजय इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। ग्राम विकास अधिकारी लाल सिंह का उनके घर पर आना जाना था। वर्ष 2014 में ग्राम पंचायत अधिकारी की नौकरी निकली। लाल सिंह व उसके दोनों पुत्रों ने देवेश सिंह के पुत्र की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर आठ लाख रुपये की मांग की।
देवेश सिंह ने लाल सिंह व उसके पुत्रों को पांच बार में 8.28 लाख रुपये दिए। काफी दिन बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। ग्राम प्रधान अलावलपुर दिलीप कुमार रुपये देते समय वहां मौजूद थे। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी।
इस पर देवेश सिंह ने रुपये वापस मांगे। लाल सिंह ने चेक काटकर दे दी। चेक बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गई। इसके बाद से पिता-पुत्र फोन भी नहीं उठा रहे हैं। पुलिस ने देवेश सिंह की तहरीर पर ग्राम पंचायत अधिकारी लाल सिंह व उसके पुत्र रोहित व संजय के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खाते से निकाले एक लाख 11 हजार रुपये
मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बाग रठौरा निवासी शिवराम का एक बैंक में खाता है। बुधवार को किसी ने हेराफेरी कर खाते से एक लाख 11 हजार रुपये तीन बार में निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर उसे जानकारी हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। (संवाद)
30 हजार रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज
मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव निसाई निवासी रंजना का गांव सकवाई स्थित बैंक शाखा में बचत खाता है। 21 अप्रैल को उसके खाते से हेराफेरी कर दो बार में 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। रुपये निकलने का रंजना के मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आया। बुधवार को रंजना बैंक से रुपये निकालने गई तो उसको पता चला कि खाते से 30 हजार रुपये किसी ने निकाल लिए हैं। पुलिस ने रंजना की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। (संवाद)