फर्रुखाबाद। 25 हजार के इनामी पिता-पुत्र कायमगंज कोर्ट में हाजिर होकर जेल चले गए। कंपिल थाना पुलिस और एसओजी हाथ मलती रह गई। दस हजार का इनामी सीजेएम कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया। एसओजी के सिपाही कचहरी में उसकी तलाश करते रहे।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी जैनेंद्र उर्फ जैना की तलाश में एसओजी व कंपिल थाना पुलिस ने 13 अगस्त को दबिश मारी थी। पुलिस को देखकर जैनेंद्र उर्फ जैना सहित परिजनों ने फायरिंग कर दी थी। ताबड़तोड़ फायरिंग के कारण पुलिस को पीछे हटना पड़ा था। जैनेंद्र उर्फ जैना परिजनों समेत वहां से भाग गया था।
एसओ कंपिल राजेंद्र विक्रम सिंह ने जैनेंद्र उर्फ जैना, उसके पुुत्र राहुल, भाई हरिनंदन सहित बीस लोगों के खिलाफ मुठभेड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी अशोक कुमार मीणा ने जैनेंद्र उर्फ जैना, राहुल पर 25-25 हजार तथा भाई हरिनंदन पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी ने इनामी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित कंपिल व कायमगंज पुलिस को लगाया था।
पुलिस व एसओजी लगातार गांव सिरसा में दबिश दे रही थी लेकिन जैनेंद्र उर्फ जैना अपने पुत्र राहुल के साथ पुलिस को चकमा देकर दूसरे मुकदमे में शनिवार को कायमगंज कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया। कचहरी में एसओजी के सिपाही इनामी को तलाशते रहे। इधर हरिनंदन भी चकमा देकर दूसरे मुकदमे में सीजेएम कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया। कंपिल एसओ राजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जैनेंद्र उर्फ जैना, पुत्र राहुल व भाई हरिनंदन दूसरे मुकदमे में कोर्ट में हाजिर होकर जेल चले गए हैं।