फर्रुखाबाद। एक गांव में पुलिस पार्टी पर हमला हो गया। एक सिपाही की वर्दी फट गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। इस मामले में नौ नामजद समेत 34 हमलावरों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मऊदरवाजा थाने के दरोगा इंद्रजीत सिंह, सिपाही रफीक, आयुष गिरि और योगेंद्र के साथ शुक्रवार को ड्यूटी में लगे थे। इसी दौरान हथियापुर के मजरा नगला नट पहुंचे, तो वहां कुछ लोग शराब के नशे में विवाद कर रहे थे। मना करने पर गांव के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस से चुपचाप चले जाने की बात कही। समझाने का प्रयास किया गया लेकिन गांव के लोग हमलावर हो गए।
हाथापाई के दौरान सिपाही योगेंद्र की वर्दी फट गई। सूचना पर थाने से कुछ और पुलिस बल पहुंच गया। इस पर हमलावर भाग गए। पुलिस ने सोनू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सोनू का शांतिभंग में चालान किया।
दरोगा इंद्रजीत की तहरीर पर पुलिस ने सोनू उर्फ भंते, विजय, प्रमोद, लुक्का, मिथुन, सनी, अखिलेश, सोनू, सूर्या और 25 अज्ञात पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने, वर्दी फाड़ने, मारपीट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुुलिस ने अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।