फर्रुखाबाद। जरदोजी कारोबारी की बाइक की डिकी से बदमाशों ने 46 हजार रुपये और कागजात निकाल लिए। बैंक और मेडिकल स्टोर के पास सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हो गए हैं। पी ड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मऊदरवाजा थानाक्षेत्र के मोहल्ला भीकमपुरा गढ़ी मुकीम खां निवासी शावेश अंसारी जरदोजी व्यापारी हैं। उन्होंने 25 जनवरी की शाम इंडियन बैंक से 46 हजार रुपये निकाले। रुपये बाइक की डिकी में रख लिए। घर जाते वक्त भाऊटोला स्थित डॉ. शिवशंकर वर्मा के अस्पताल में दवाई लेने ने लगे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने डिकी का ताला खोलकर रुपये और चेक बुक आदि सामान निकाल लिया।
वापस आने पर डिकी खुली देख जानकारी हुई। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने बैंक और डॉक्टर के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, इसमें तीन युवक बैंक और घटनास्थल पर बाइक पर बैठे दिखे हैं। इससे अंदाजा है कि यह युवक बैंक से ही पीछे लग गए थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। मामले की जांच हो रही है।