कायमगंज। सीएचसी निजी अस्पताल में पेट दर्द की दवा लेने गई महिला का गर्भपात करने से इंफेक्शन फैलने के मामले में कोर्ट के आदेश पर एएनएम व उनकी डॉक्टर पुत्र वधू व पुत्री के खिलाफ धोखाघड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव बहबलपुर के मजरा खजुन्ना नगला निवासी अनिल कुमार, पत्नी मीरा देवी के पेट दर्द होने पर 25 नवंबर 2021 को सीएचसी कायमगंज के पीछे मोहल्ला कुकीखेल स्थित एएनएम नारायन देवी के अस्पताल ले गए। वहां उन्होंने अपनी पुत्रवधू व पुत्री को डॉक्टर बताया। मीरा देवी को देखने के बाद कहा कि यह दो माह की गर्भवती हैं, इनका गर्भ गिर रहा है। इसलिए गर्भपात करना होगा।
अस्पताल में मीरा देवी का गर्भपात किया तो पेट में इंफेक्शन फैल गया और हालत बिगड़ गई। इसके बाद कायमगंज के एक निजी अस्पताल दिखाया तो वहां आगरा ले जाने की सलाह दी। दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती रहीं। इसमें चार लाख रुपये खर्च हो गए।
एक माह बाद अस्पताल से छुट्टी मिली और अभी भी इलाज चल रहा है। इसके बाद अनिल 20 दिसंबर 2021 को नारायण देवी के अस्पताल शिकायत करने गया तो उन्होंने धमकी देकर भगा दिया। अनिल कुमार ने कोर्ट के आदेश पर एएनएम नारायन देवी, उनकी पुत्रवधू व पुत्री के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।