नवाबगंज। घर में चोरी कर रहे सीतापुर के युवक को परिजनों ने कमरे में बंद कर दिया। शोर सुनकर युवक के दो साथी बाइक छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक व बाइक को थाने ले आई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बरतल निवासी अवनीश कुमार शर्मा, पत्नी संजू देवी व बच्चों के साथ बुधवार रात घर में थे। रात करीब डेढ़ बजे एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया। युवक ने कमरे में रखे बैग से 50 हजार रुपये निकाल लिए और बक्सा खोलकर जेवर चोरी करने का प्रयास कर रहा था, तभी संजू जग गईं और कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी।
शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण आ गए। घर के बाहर खड़े युवक के दो साथी बाइक छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में बंद युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस बाइक को थाने ले आई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह जनपद सीतापुर के गांव लेहरपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके साथियों के नाम भी पता कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
संजू ने गुरुवार को चोरी केेे मामले में तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। जांच में पता चला कि युवक अपने साथियों के साथ गांव मंझना निवासी फौजी की बाइक चुराकर लाया था।