फर्रुखाबाद। ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम फतेहगढ़ में दो दिन चले अंडर-19 के ट्रायल क्रिकेट मैचों से 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया। अब इन खिलाड़ियों का दो मई को फाइनल ट्रायल मैच कराया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-19 क्रिकेट खिलाड़ियों का दो दिवसीय चयन शिविर लगा। अंतिम दिन शनिवार को हुए ट्रायल मैच में 35 खिलाड़ियों ने अपनी खेल का प्रदर्शन किया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहन लाल अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन ट्रायल मैच में 42 खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया था। दोनों दिन चले ट्रायल मैचों से 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। बैटिंग में सर्वाधिक लोकेश मिश्रा ने 33, प्रशांत कुमार ने 26 रन बनाए। बॉलिंग में विपुल सक्सेना ने चार विकेट लिए।
उन्होंने बताया कि दो मई को स्टेडियम में फाइनल ट्रायल मैच होगा। इसमें चयनित 30 खिलाड़ियों को मैदान में उतारा जाएगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। वह फिरोजाबाद में होने वाले जोन स्तरीय क्रिकेट मैच में खेलने जाएंगे। वहां जिले की टीम का मैच मैनपुरी और फिरोजाबाद की टीम से होगा। इन मैचों में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को आगरा मंडल में खेलने का मौका मिलेगा।