फर्रुखाबाद। खेल दिवस के अवसर पर स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में शनिवार को कबड्डी और ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीपी ग्लोबल ए ने नवाबगंज को हराकर कबड्डी का फाइनल मैच जीता। विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
शुभारंभ मुख्य अतिथि भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने किया। पहले मैच में वीरपुर मोहम्मदाबाद ने आरआईसी फतेहगढ़ को पराजित किया। दूसरे मैच में शहीद देवानंद एकेडमी मदनपुर ने सीपीवीएन कायमगंज को शिकस्त दी। तीसरे मैच में राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज ए ने एमआईसी फतेहगढ़ को हराया। पहले सेमीफाइनल में सीपी ग्लोबल ए ने शहीद देवानंद एकेडमी व दूसरे सेमीफाइनल मैच में नवाबगंज ने सीपी ग्लोबल बी टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला सीपी ग्लोबल ए और नवाबगंज टीम के बीच हुआ। शुरूआत में नवाबगंज ने विरोधी टीम को टक्कर दी लेकिन बाद में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। नतीजतन सीपी ग्लोबल ए ने नवाबगंज टीम को आठ अंकों से पराजित किया। वहीं ताइक्वांडो 24 किलोग्राम भार वर्ग में कृतिका, 28 में आस्था, 34 में सिद्धि, 36 में दिव्यांशी, 40 में सुमन, 44 में स्वाति राजपूत, 51 में कशिश, 54 में अनुष्का, 58 में वैष्णवी आर्या व 63 किलोग्राम में आध्या ने बाजी मारी। निर्णायक की भूमिका कुलदीप यादव, सुभाषचंद्र, अरुण कुमार, सुनील पाल, विमलेश कुमार, अभिषेक शाक्य, सपना यादव, अतुल कटियार, अभिषके पाल, अतुल कटियार, अतीत यादव, दीपांजली, उपासना, सिमरन कनौजिया आदि ने निभाई। यहां पर जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, मनोज कुमार आदि रहे।