फर्रुखाबाद। पेड़ कटवाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सिपाही पर भारी पड़ गया। एमएलसी से शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने सिपाही अमित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया।
बीते दिनों राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव अम्मरपुर निवासी शांति स्वरूप दुबे ने एमएलसी व भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बाग चार पेड़ सूख गए थे।
उन्होंने वन विभाग से अनुमति ले ली थी। डीएफओ ने कहा कि अनुमति की एक कॉपी थाने में दे देना। आरोप है कि वे थाने पहुंचे तो सिपाही अमित कुमार ने पेड़ कटवाने के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे।
सोमवार को प्रभारी मंत्री राजवीर सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में विकास व कानून व्यवस्था को लेकर बैठक की थी। एमएलसी ने इस मुद्दे को भी उठाया था। एसपी ने सिपाही अमित कुमार को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए।
शांति स्वरूप के नाती सत्यम दुबे ने बताया कि सिपाही ने 10 हजार रुपये मांगे थे। थानाध्यक्ष राजेपुर सुदेश कुमार ने बताया कि सिपाही अमित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।