कायमगंज (फर्रुखाबाद)। पालिका अध्यक्ष के लिखित आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। दोपहर बाद सफाई कर्मी काम पर लौट आए और सफाई भी शुरू कर दी।
47 आउट सोर्सिंग कर्मियों को हटाने और पांच माह के बकाया मानदेय की मांग को लेकर स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष हरिओम वाल्मीकि की अगुवाई में शुक्रवार को सफाई कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। बाद में अन्य सफाईकर्मी भी हड़ताल में शामिल हो गए। सफाई न होने से नगर में जगह जगह गंदगी के ढेर लग गए। बारिश होने से कचरे के ढेरों से बदबू उठने लगी। रविवार को गणमान्य नागरिकों की मध्यस्थता में सफाईकर्मियों व अध्यक्ष की बैठक हुई लेकिन बात नहीं बनी।
सोमवार को फिर बातचीत हुई। सफाई कर्मचारियों ने पांच मांगें रखीं, इस पर अध्यक्ष ने लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर हड़ताल समाप्त कर सफाईकर्मियों ने काम शुरू कर दिया। पालिका अध्यक्ष को फूलमालाओं से लादकर नगर में घुमाया। हरिओम वाल्मीकि, पिंकू, नीरज, रामलखन, विमला देवी, गुलशन, सभासद गप्पू गंगवार, झगडू यादव आदि मौजूद रहे। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मियों को हटाना उनकी मजबूरी है। शासन पहले 65 लाख ग्रांट आती थी, अब 41 लाख ही आ रही है। ग्रांट बढ़ने पर सफाई कर्मियों को काम दिया जाएगा।
ये हैं सफाईकर्मियों की मांगें
15 दिन में मानदेय का भुगतान किया जाए, अगर शासन से ग्रांट बढ़े तो आउटसोर्स पर सफाई कर्मियों को काम दिया जाए। सर्वेश को सफाई नायक बनाया जाए, हड़ताली कर्मचारियों का मानदेय न काटा जाए, सभी सफाई कर्मियों को दो माह में गर्म वर्दी दी जाए।